गिरिडीह
महिलाओं और युवतियों को नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार में धकेलने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस अभियान में 4 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने एक पीड़िता को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। गुरुवार को जमुआ थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि एसपी डॉ. विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर यह ऑपरेशन चलाया गया। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
यह गिरोह गिरिडीह और कोडरमा के विभिन्न इलाकों में सक्रिय था। ये लोग गरीब महिलाओं, विधवाओं और युवतियों को अच्छी नौकरी का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। भरोसा जीतने के बाद उन्हें राजस्थान ले जाकर देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया जाता था। गिरफ्तार तस्करों में बाघमारा, जमुआ थाना और बागरो, डोमचांच थाना क्षेत्र के लोग शामिल हैं। इनमें एक महिला भी है, जो वर्तमान में पाचंबा थाना क्षेत्र में रह रही थी। पुलिस ने अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।